गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मेरठ और सहारनपुर मंडल के पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात और जनसुविधाओं को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाए तथा ड्रोन से लगातार मॉनिटरिंग की जाए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि अफवाह फैलाने वाले और माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी भ्रामक सूचना का समय रहते तथ्यात्मक खंडन किया जाए, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा न हो।
मेरठ-सहारनपुर मंडल के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक, सीसीटीवी, ड्रोन निगरानी और पड़ोसी राज्यों से समन्वय के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान सहित पड़ोसी राज्यों के प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि राज्यों के बीच बेहतर तालमेल से किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकेगा।
बैठक में मुख्यमंत्री ने डीजे की ध्वनि और कांवड़ की ऊंचाई को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डीजे की आवाज निर्धारित मानकों से अधिक नहीं होनी चाहिए और कांवड़ की ऊंचाई भी तय सीमा के भीतर रहे, ताकि यातायात प्रभावित न हो। इसके लिए डीजे संचालकों, कांवड़ निर्माताओं और कांवड़ संघों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग को यात्रा मार्गों को समय रहते गड्ढामुक्त करने, झाड़ियों की सफाई कराने और सड़कों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरे कांवड़ मार्ग पर स्वच्छता बनी रहनी चाहिए और कहीं भी कूड़े का ढेर दिखाई नहीं देना चाहिए।
उन्होंने कांवड़ शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए स्ट्रीट लाइट, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, निर्बाध बिजली आपूर्ति, साफ-सफाई और ताजा सात्विक भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस और शराब की सभी दुकानों को बंद रखा जाए तथा इस व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए। परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया कि कोई भी चालक नशे की हालत में वाहन न चलाए। वहीं बिजली विभाग को ट्रांसफार्मरों और विद्युत लाइनों की विशेष निगरानी रखने के लिए कहा गया, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।
बैठक के अंत में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने और स्थानीय स्तर पर आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही सूचना विभाग के माध्यम से कांवड़ यात्रियों के स्वागत के लिए आकर्षक स्वागत द्वार, होर्डिंग और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार की भी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।



