Home » खेल-कूद » एफआईएच यूथ हॉकी5एस एशियाई चैंपियनशिप: भारत ने पाकिस्तान और ओमान को हराया, महिला टीम भी अपराजेय

एफआईएच यूथ हॉकी5एस एशियाई चैंपियनशिप: भारत ने पाकिस्तान और ओमान को हराया, महिला टीम भी अपराजेय

Facebook
Twitter
WhatsApp

मस्कट (ओमान)। एफआईएच यूथ हॉकी5एस एशियाई चैंपियनशिप 2026 में भारतीय सब-जूनियर पुरुष और महिला टीमों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। मंगलवार को खेले गए एलीट पूल मुकाबलों में भारतीय पुरुष टीम ने मेजबान ओमान और चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराकर अपनी जीत का सिलसिला कायम रखा। वहीं भारतीय महिला टीम ने चीन के खिलाफ मुकाबला ड्रॉ खेला और इसके बाद उज्बेकिस्तान को एकतरफा अंदाज में हराकर अपनी दावेदारी और मजबूत कर दी।

यह प्रतियोगिता पहले एफआईएच अंडर-18 यूथ हॉकी5एस विश्व कप के लिए एशियाई क्वालीफायर भी है। दोनों भारतीय टीमें अब तक टूर्नामेंट में अपराजेय हैं।

पाकिस्तान पर भारत की शानदार जीत

दिन के सबसे रोमांचक मुकाबले में भारतीय सब-जूनियर पुरुष टीम ने पाकिस्तान को 7-4 से हराया। भारत की जीत के हीरो करण गौतम रहे, जिन्होंने पांचवें, नौवें और उन्नीसवें मिनट में गोल दागकर शानदार हैट्रिक पूरी की।

इसके अलावा राहुल यादव ने तीसरे मिनट में भारत का खाता खोला, जबकि प्रह्लाद राजभर, कप्तान केतन कुशवाहा और रोमित पाल ने भी एक-एक गोल कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।

पाकिस्तान की ओर से असलम मुहम्मद फरहान, अदील और उस्मान मुहम्मद ने गोल किए, लेकिन भारतीय आक्रमण के सामने उनकी टीम टिक नहीं सकी।

ओमान को 14-0 से रौंदा

पाकिस्तान से पहले भारतीय पुरुष टीम ने मेजबान ओमान को 14-0 के बड़े अंतर से हराया। कप्तान केतन कुशवाहा ने चार गोल कर शानदार प्रदर्शन किया, जबकि आशीष तानी पूर्ति ने हैट्रिक जमाई।

राहुल यादव और शाहरुख अली ने दो-दो गोल किए। वहीं प्रह्लाद राजभर, करण गौतम और रोमित पाल ने भी गोल कर भारत की बड़ी जीत सुनिश्चित की।

ALSO READ THIS :  महिला विश्व कप 2025: जेमिमा की 127* से भारत फाइनल में, साउथ अफ्रीका से 2 नवंबर को भिड़ंत; कीर्ति आजाद बोले—भविष्य उज्ज्वल

महिला टीम ने चीन से ड्रॉ, उज्बेकिस्तान को 16-0 से हराया

भारतीय सब-जूनियर महिला टीम ने अपने दूसरे एलीट पूल मुकाबले में चीन के साथ 2-2 से ड्रॉ खेला। चीन ने शुरुआती बढ़त बनाई, लेकिन नौशीन नाज ने लगातार दो गोल कर भारत को आगे कर दिया। हालांकि मैच के अंतिम क्षणों में चीन ने बराबरी का गोल कर मुकाबला ड्रॉ करा दिया।

इसके बाद भारतीय महिला टीम ने उज्बेकिस्तान के खिलाफ पूरी तरह एकतरफा प्रदर्शन करते हुए 16-0 से शानदार जीत दर्ज की।

नौशीन, स्वीटी और संदीपा ने बिखेरा जलवा

उज्बेकिस्तान के खिलाफ नौशीन नाज ने चार गोल कर मैच की स्टार खिलाड़ी का दर्जा हासिल किया। संदीपा कुमारी और कप्तान स्वीटी कुजूर ने तीन-तीन गोल कर हैट्रिक पूरी की।

दिया और पुष्पा मांझी ने दो-दो गोल किए, जबकि किरण एक्का और नीलम टोपनो ने भी एक-एक गोल कर टीम की बड़ी जीत में योगदान दिया।

विश्व कप की दावेदारी हुई मजबूत

एफआईएच यूथ हॉकी5एस एशियाई चैंपियनशिप, अंडर-18 यूथ हॉकी5एस विश्व कप के लिए क्वालीफाइंग टूर्नामेंट भी है। लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय पुरुष और महिला दोनों टीमें विश्व कप का टिकट हासिल करने की प्रबल दावेदार बन गई हैं।

भारतीय टीमों की अपराजेय लय और दमदार प्रदर्शन से उम्मीद की जा रही है कि वे आगामी मुकाबलों में भी इसी तरह का प्रदर्शन जारी रखते हुए एशियाई चैंपियनशिप में खिताब और विश्व कप क्वालीफिकेशन दोनों हासिल करें।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें