मुजफ्फरनगर के नामी गर्ल्स स्कूल ‘वैदिक पुत्री पाठशाला कन्या इंटर कॉलेज’ के प्रबंधक अरविंद गर्ग को महिला वोकेशनल ट्रेनर की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है। पीड़िता का आरोप है कि नियुक्ति के बदले शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया गया। पीड़िता ने ठरकी प्रबंधक की सारी करतूतों को मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जिसकी शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया।
मुजफ्फरनगर। नई मंडी में स्थित वैदिक पुत्री पाठशाला कन्या इंटर कॉलेज के प्रबंधक पर नियुक्ति के बदले शारीरिक संबंध बनाने का कथित दबाव डालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक महिला वोकेशनल ट्रेनर की शिकायत पर पुलिस ने शुक्रवार को मुकदमा दर्ज कर कॉलेज के 75 वर्षीय प्रबंधक अरविंद गर्ग को शाम के वक्त गिरफ्तार कर लिया। हालांकि बाद में उन्हें थाने से ही जमानत पर रिहा कर दिया गया।

पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि हाल ही में उनका संविदा पर चयन हुआ था और जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) की ओर से नियुक्ति पत्र भी जारी किया गया था। वह 21 जुलाई को नियुक्ति पत्र और अन्य दस्तावेज लेकर कॉलेज पहुंची, जहां बाबू ने कागजात देखने के बाद प्रधानाचार्य के बाहर होने की बात कहकर अगले दिन आने को कहा।
महिला का आरोप है कि अगले दिन कॉलेज पहुंचने पर दोपहर में प्रबंधक अरविंद गर्ग आए। उन्होंने कागजातों में कथित कमी बताई और नियुक्ति सुनिश्चित कराने के बदले शारीरिक संबंध बनाने का प्रस्ताव रखा। महिला ने विरोध करते हुए वहां से घर लौटकर पूरी बात अपने पति को बताई।

पीड़िता का कहना है कि पति की सलाह पर वह अगले दिन दोबारा कॉलेज गई और इस बार बातचीत की रिकॉर्डिंग के लिए मोबाइल ऑन कर लिया। आरोप है कि प्रबंधक ने फिर अश्लील बातें करते हुए वही प्रस्ताव दोहराया। महिला ने इनकार किया और वापस लौटकर पुलिस से शिकायत कर दी।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि जिस समय घटना हुई, कार्यालय में कोई महिला कर्मचारी मौजूद नहीं थी और वहां सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे थे। उन्होंने कहा कि आरोपी उम्र में उनके दादा के समान हैं, लेकिन इसके बावजूद उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।

नई मंडी कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर प्रबंधक अरविंद गर्ग और कॉलेज की प्रधानाचार्य राजेश कुमारी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी आनंद देव मिश्रा ने बताया कि प्रबंधक को गिरफ्तार कर नियमानुसार थाने से जमानत दे दी गई है। मामले की विवेचना जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही CO नई मंडी सुनील कुमार ने कहा कि वादिया द्वारा 24 जुलाई को तहरीर दी थी, जिसके बाद तुरंत मुकदमा दर्ज कर लिया गया। मामले में बेहद ही गंभीरता के साथ जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



