Home » उत्तर प्रदेश » ग्रेटर नोएडा में खुले गड्ढे में गिरकर छह वर्षीय मासूम की मौत, ठेकेदार समेत तीन पर एफआईआर

ग्रेटर नोएडा में खुले गड्ढे में गिरकर छह वर्षीय मासूम की मौत, ठेकेदार समेत तीन पर एफआईआर

Facebook
Twitter
WhatsApp

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में सुरक्षा मानकों में कथित लापरवाही एक मासूम की जान पर भारी पड़ गई। नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र स्थित कलाधाम सोसाइटी के पास पानी से भरे खुले गहरे गड्ढे में गिरने से छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित ठेकेदार, सुपरवाइजर और टेक्निकल सुपरवाइजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है तथा तीनों की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। प्रारंभिक जांच में हादसे के लिए ठेकेदार की लापरवाही को जिम्मेदार माना गया है।

खेलते समय गहरे गड्ढे में गिरा मासूम

जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चे की पहचान केंद्रीय विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य सीवान यादव के छह वर्षीय बेटे के रूप में हुई है। शनिवार शाम वह कलाधाम सोसाइटी के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह ट्यूबवेल निर्माण के लिए खोदे गए पानी से भरे गहरे गड्ढे के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया।

बच्चों के शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद बच्चे को गड्ढे से बाहर निकाला। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही पर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि गड्ढा कई दिन पहले ट्यूबवेल निर्माण के लिए खोदा गया था, लेकिन उसके चारों ओर न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही किसी प्रकार का चेतावनी बोर्ड लगाया गया था।

ALSO READ THIS :  अटल बिहारी वाजपेयी की आठवीं पुण्यतिथि पर सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि, बोले राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देना ही उनकी पहचान थी

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता तो यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था।

प्राधिकरण ने ठेकेदार समेत तीन लोगों पर की कार्रवाई

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक ए.के. सिंह ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बताया कि सोसाइटी में पेयजल आपूर्ति सुधारने के लिए ट्यूबवेल लगाने की अनुमति दी गई थी। हालांकि, बोरवेल को निर्धारित स्थान के बजाय बिना प्राधिकरण की जानकारी के दूसरी जगह स्थानांतरित कर दिया गया, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में ठेकेदार की लापरवाही सामने आने के बाद ठेकेदार मनोज जैन, सुपरवाइजर जॉनी और टेक्निकल सुपरवाइजर आकाश के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। साथ ही तीनों की सेवाएं भी तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं।

पहले भी की गई थीं शिकायतें

मृतक बच्चे के पड़ोसी कालीचरण गुप्ता ने प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि विकास कार्य तो शुरू कर दिए जाते हैं, लेकिन सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाता। उन्होंने दावा किया कि इलाके में खुले गड्ढों को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की गई थीं, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं हुई।

पुलिस ने शुरू की जांच

नॉलेज पार्क कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह हादसा एक बार फिर निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों के पालन और जिम्मेदार एजेंसियों की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

ALSO READ THIS :  कानपुर में गंगा किनारे मिला 5 फीट लंबा मृत मगरमच्छ: सिर पर गहरे जख्म देख भड़के लोग, अवैध शिकारियों पर हत्या की आशंका


[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें