Home » उत्तर प्रदेश » कानपुर में थाने के बाहर युवक ने खुद को लगाई आग, बचाने पहुंचे थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी भी झुलसे

कानपुर में थाने के बाहर युवक ने खुद को लगाई आग, बचाने पहुंचे थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी भी झुलसे

Facebook
Twitter
WhatsApp

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में महाराजपुर थाने के मुख्य द्वार पर मंगलवार को एक युवक ने कथित तौर पर अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। युवक को बचाने के प्रयास में थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी भी झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

इंसाफ की मांग करते हुए थाने पहुंचा था युवक

एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह ने बताया कि महाराजपुर थाना क्षेत्र के राजथोक फुफुवार निवासी महेश मंगलवार को थाने पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह लगातार इंसाफ की मांग करते हुए शोर मचा रहा था।

पुलिसकर्मी उससे बातचीत कर रहे थे, तभी उसने जेब से एक बोतल निकाली और अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डाल लिया। इसके बाद उसने माचिस जलाकर खुद को आग के हवाले कर दिया।

युवक को बचाने में तीन पुलिसकर्मी झुलसे

आग लगते ही महेश इधर-उधर भागने लगा। मौके पर मौजूद थाना प्रभारी जनार्दन सिंह, उपनिरीक्षक गौरव सौलिया और आरक्षी अरुण कुमार उसे बचाने के लिए तुरंत दौड़े।

पुलिसकर्मियों ने कंबल डालकर आग बुझाई और युवक को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इस दौरान आग की चपेट में आने से थाना प्रभारी समेत तीनों पुलिसकर्मी झुलस गए।

घटना के बाद गंभीर रूप से झुलसे महेश को उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि घायल पुलिसकर्मियों को भी प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पत्नी ने एक दिन पहले दर्ज कराया था मुकदमा

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार महेश का अपनी पत्नी से लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। उसकी शादी वर्ष 2015 में सचेण्डी निवासी पूनम से हुई थी और दंपति के दो बच्चे हैं।

ALSO READ THIS :  ओम प्रकाश राजभर का सपा पर हमला, बोले- अपराधियों को संरक्षण देती है पार्टी

बताया गया कि 13 जुलाई को महेश की पत्नी ने महाराजपुर थाने में उसके खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस का मानना है कि इसी मामले से आहत होकर महेश थाने पहुंचा और उसने आत्मदाह का प्रयास किया।

सभी पहलुओं की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि आत्मदाह के प्रयास के पीछे की परिस्थितियों और पारिवारिक विवाद के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल युवक और घायल पुलिसकर्मियों का अस्पताल में इलाज जारी है।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें