मुज़फ़्फ़रनगर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर प्रशासन की कार्रवाई एक बार फिर तेज हो गई है। बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल के नेतृत्व में नगरपालिका की टीम एक बार फिर मीनाक्षी चौक पहुंची। यहां से सुजड़ू चौराहे तक अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों के चालान काटे गए और प्रतिबंधित पॉलीथिन व प्लास्टिक का सामान जब्त किया गया।
दो दिन पहले सिटी मजिस्ट्रेट ने मीनाक्षी चौक क्षेत्र के अतिक्रमणकारियों को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी थी। इसके बाद भी कई जगह अतिक्रमण नहीं हटाया गया। नगरपालिका ईओ पवन कुमार की ओर से 72 व्यापारियों को नोटिस भी भेजे गए थे।
बुधवार को नगरपालिका की टीम लाव-लश्कर के साथ मौके पर पहुंची तो व्यापारियों में हड़कंप मच गया। टीम ने मीनाक्षी चौक से सुजड़ू चौराहे तक कार्रवाई की। विकास भवन के सामने लंबे समय से किए गए अतिक्रमण को भी हटवाया गया।
कार्रवाई के दौरान दर्जनों व्यापारियों के चालान काटे गए। नगरपालिका की टीम ने प्रतिबंधित पॉलीथिन और प्लास्टिक से बने सामान को भी जब्त किया।
प्रशासन की ओर से अब गुरुवार को भी इसी मार्ग पर कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है। बताया गया है कि मीनाक्षी चौक से सुजड़ू चौराहे तक दोबारा अभियान चलाया जाएगा।

