मुज़फ्फ़रनगर। मुज़फ्फ़रनगर में लगातार हो रही बारिश के बीच भी बदमाश दुस्साहसिक वारदातों को अंजाम देने से बाज़ नहीं आ रहे हैं। ऐसा ही कुछ बीती शुक्रवार रात करीब 10 बजे कोतवाली नगर क्षेत्र में उस वक्त देखने को मिला, जब वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर दो बदमाश भागने लगे। हालांकि 15 हजार रुपये के इनामी बदमाश समीर उर्फ फौजी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ मौजूद उसके साथी रोहित को भी पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान दबोच लिया।

ASP सिद्धार्थ के..मिश्रा के अनुसार, न्याजूपुरा–चरथावल रोड स्थित काली नदी पुल के पास चेकिंग के दौरान एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों बाइक मोड़कर कच्चे रास्ते की ओर भाग निकले। बारिश से रास्ता फिसलन भरा होने के कारण उनकी बाइक गिर गई, लेकिन दोनों पैदल भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगे।

पुलिस ने पहले उन्हें आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन बदमाश लगातार गोलियां चलाते रहे। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें इनामी बदमाश समीर उर्फ फौजी घायल हो गया। वहीं दूसरा आरोपी रोहित पुलिस की घेराबंदी में पकड़ लिया गया।

मौके से दो अवैध तमंचे, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक समीर उर्फ फौजी 9 संगीन मामलों में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, एससी-एसटी एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में नौ मुकदमे दर्ज हैं। कोतवाली नगर में दर्ज आर्म्स एक्ट के मुकदमे में फरार होने पर SSP ने उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
दोनों के कब्जे से एक–एक तमंचा, 2 कारतूस, एक खोखा और एक बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद हुई है। पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व थाना प्रभारी कोतवाली नगर बृजेश कुमार शर्मा ने किया, जबकि उनकी टीम में आबकारी चौकी इंचार्ज शशि कपूर, कांस्टेबल नवीन सैनी कांस्टेबल सुल्तान और कांस्टेबल टिंकू शामिल रहे।


