मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में गुरुवार को मूसलाधार बारिश के बीच जौली रोड की मरम्मत करते PWD कर्मचारियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में एक कर्मचारी बारिश के दौरान सड़क पर तारकोल में लिपटी रोड़ी फैलाते नजर आ रहा हैं। तेज बारिश के बीच सड़क की मरम्मत का यह तरीका देखकर लोग हैरान हैं। जौली रोड की बदहाली और मरम्मत के नाम पर हो रहे काम को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।
जौली रोड लंबे समय से खस्ताहाल है। इस सड़क पर औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। भारी वाहनों के दबाव के चलते सड़क की हालत और खराब होती जा रही है, लेकिन सड़क का स्थायी पुनर्निर्माण नहीं होने से समस्या बनी हुई है।
स्थानीय स्तर पर सड़क की मरम्मत के नाम पर पहले भी गड्ढे भरने का काम किया जा चुका है। आरोप है कि PWD विभाग ने इससे पहले भी दो बार गड्ढे भरने की औपचारिकता पूरी की, लेकिन एक-दो महीने बाद ही सड़क दोबारा टूटकर अपने पुराने खस्ता हाल में पहुंच जाती है।
गुरुवार को सुबह करीब 9:20 बजे से शुरू हुई भारी बारिश के बीच तारकोल मिली रोड़ी सड़क पर बिछाते कर्मचारियों का वीडियो सामने आने के बाद मरम्मत की गुणवत्ता और काम के समय को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। ये वीडियो सुबह 9:40 मिनट पर उस वक्त शूट किया गया, जब चारों तरफ मूसलाधार बारिश हो रही थी।
