Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » 10 रुपये मिलने पर चोरी का आरोप? मुजफ्फरनगर में चौथी कक्षा की छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान

10 रुपये मिलने पर चोरी का आरोप? मुजफ्फरनगर में चौथी कक्षा की छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुजफ्फरनगर। जनपद के नई मंडी थाना क्षेत्र के गांव पचेंडा कला में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां चौथी कक्षा में पढ़ने वाली 11 वर्षीय छात्रा आयुषी की फांसी के फंदे पर लटकने से मौत हो गई। छात्रा के परिजनों ने स्कूल के एक शिक्षक और शिक्षिका पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि महज 10 रुपये मिलने की घटना के बाद बच्ची को चोरी का आरोपी बताकर पूरी कक्षा के सामने अपमानित किया गया, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गई और उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

स्कूल में 10 रुपये मिलने पर लगा चोरी का आरोप

मामला गांव पचेंडा कला स्थित प्राथमिक विद्यालय का है। परिजनों के अनुसार, आयुषी बुधवार सुबह रोज की तरह स्कूल गई थी। आरोप है कि स्कूल में उसे कमरे में 10 रुपये मिले, लेकिन इसी बात को लेकर एक शिक्षिका ने उस पर चोरी का आरोप लगा दिया।

परिजनों का कहना है कि इसके बाद शिक्षक और शिक्षिका ने छात्रा को पूरी कक्षा के सामने डांटा, कथित रूप से उसके साथ मारपीट की और उसे अपमानित किया। परिवार का आरोप है कि इस घटना से बच्ची को गहरा मानसिक आघात पहुंचा।

रोती हुई घर पहुंची छात्रा, कुछ देर बाद उठाया कदम

परिजनों के मुताबिक, आयुषी दोपहर करीब एक बजे रोते हुए घर पहुंची थी। घर आने के बाद वह काफी देर तक चुप और परेशान बैठी रही। कुछ समय बाद उसने घर के अंदर फांसी लगा ली।

जब परिवार के लोगों की नजर उस पर पड़ी तो घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने आनन-फानन में उसे फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

ALSO READ THIS :  मुज़फ़्फ़रनगर की पान मंडी में दिनदहाड़े चोरी, शातिर चोर की करतूत CCTV में रिकॉर्ड!

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की जानकारी मिलते ही नई मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतका के पिता अशोक राजपूत ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी ने कोई चोरी नहीं की थी। उन्होंने कहा कि केवल 10 रुपये मिलने की बात को लेकर उसे पूरी कक्षा के सामने अपमानित किया गया, जिससे वह मानसिक तनाव में आ गई और उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।

उन्होंने आरोपी शिक्षक और शिक्षिका के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

इस मामले में अभी पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। वहीं, परिजन अपनी बेटी के साथ न्याय की मांग कर रहे हैं और मामले में निष्पक्ष जांच की उम्मीद जता रहे हैं।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें