नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक को लेकर जारी प्रदर्शन के बीच भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने छात्रों के समर्थन में अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था, पारदर्शिता और योग्यता के आधार पर आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। कोहली ने जोर देकर कहा कि देश का भविष्य न्याय, पारदर्शिता और जवाबदेही का हकदार है।
विराट कोहली ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि छात्र एक निष्पक्ष व्यवस्था, पारदर्शी परीक्षाओं और योग्यता पर आधारित भविष्य के हकदार हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से सुना जाना चाहिए और उन्हें उम्मीद है कि संबंधित अधिकारी उनकी शिकायतों के समाधान के लिए जल्द और सार्थक कदम उठाएंगे। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि “हमारे देश का भविष्य न्याय, पारदर्शिता और जवाबदेही का हकदार है।”
इरफान पठान बोले- पेपर लीक से छात्रों की उम्मीद नहीं टूटनी चाहिए
पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान ने भी इस मुद्दे पर अपनी राय व्यक्त करते हुए कहा कि हर छात्र अपने बेहतर भविष्य के लिए वर्षों तक कड़ी मेहनत करता है और उसके परिवार भी इसके लिए अनेक त्याग करते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी पेपर लीक की वजह से छात्रों की उम्मीद कभी नहीं टूटनी चाहिए।
इरफान ने एक्स पर लिखा कि उन्हें विश्वास है कि देश और संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रत्येक छात्र को बराबरी का अवसर मिले। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।
शिखर धवन ने धैर्य और भरोसा बनाए रखने की दी सलाह
पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने भी छात्रों और युवाओं के नाम संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि देश के युवा भारत का भविष्य हैं और उनके सपनों को समझना बेहद जरूरी है। साथ ही उन्होंने अपील की कि कठिन परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखें और देश की संस्थाओं तथा सरकार पर विश्वास रखें।
धवन ने कहा कि उनका मानना है कि धैर्य के साथ हर चुनौती का समाधान निकाला जा सकता है और भारत निरंतर आगे बढ़ता रहेगा।
सचिन तेंदुलकर ने ईमानदारी का दिया संदेश
इससे पहले क्रिकेट के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर भी पेपर लीक के मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। उन्होंने अपने पिता से मिली सीख का उल्लेख करते हुए कहा कि असफल होना स्वीकार्य है, लेकिन धोखा देना कभी स्वीकार्य नहीं हो सकता।
सचिन ने लिखा कि समाज की जिम्मेदारी है कि वह मेहनत और ईमानदारी की संस्कृति को बढ़ावा दे। उन्होंने कहा कि जब छात्रों को यह महसूस होता है कि उनकी कड़ी मेहनत का उचित परिणाम नहीं मिला, तो उनकी निराशा स्वाभाविक है। इसलिए सभी को मिलकर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि भविष्य में छात्रों को ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े।
जंतर-मंतर पर जारी है प्रदर्शन
उल्लेखनीय है कि नीट पेपर लीक को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है। प्रदर्शनकारी निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं। इसी बीच देश के कई प्रमुख खिलाड़ियों द्वारा छात्रों के समर्थन में दिए गए बयान इस मुद्दे को लेकर बढ़ती राष्ट्रीय चिंता को दर्शाते हैं।



