नई दिल्ली/ग्रेटर नोएडा, 6 नवंबर। दिल्ली-एनसीआर में आग लगने की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। दिल्ली के गफ्फार मार्केट की चैन वाली गली में गुरुवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि एक दुकान में आग लग गई। वहीं, ग्रेटर नोएडा के गैलेक्सी ब्लू सफायर मॉल के सिनेमा हॉल में भी आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इसके अलावा बाहरी उत्तरी दिल्ली के नरेला औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। तीनों घटनाओं में फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
गैलेक्सी ब्लू सफायर मॉल के प्रोजेक्टर रूम में उठा धुआं
जानकारी के अनुसार, ग्रेटर नोएडा स्थित गैलेक्सी ब्लू सफायर मॉल के ऑडी-10 के प्रोजेक्टर रूम में शॉर्ट सर्किट के कारण तार गर्म होने से धुआं उठने लगा। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।
एहतियात के तौर पर सिनेमा हॉल में मौजूद 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग को पहले ही बुझा दिया गया था। घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। मौके पर स्थिति सामान्य बताई गई है।
गफ्फार मार्केट की दुकान में आग, दमकलकर्मी मौके पर
दूसरी ओर, दिल्ली के गफ्फार मार्केट की चैन वाली गली में गुरुवार-शुक्रवार की मध्यरात्रि एक दुकान में आग लग गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग से कितना नुकसान हुआ है और घटना में कोई हताहत हुआ है या नहीं, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
नरेला की फैक्ट्री में भी लगी भीषण आग
इसी बीच, बाहरी उत्तरी दिल्ली के नरेला औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। दमकल विभाग के अनुसार, आग लगने की सूचना सुबह करीब 9:05 बजे मिली थी। इसके बाद आग पर काबू पाने के लिए 10 दमकल गाड़ियों को तत्काल मौके पर भेजा गया।
दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। फैक्ट्री में आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
