दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिना सत्यापन के किसी भी वीडियो या संदेश पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से जारी जानकारी को ही सही मानें।
‘पत्थरबाजी की कोई घटना नहीं हुई’ : दिल्ली पुलिस
नई दिल्ली जिला पुलिस के आधिकारिक ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) हैंडल से जारी पोस्ट में कहा गया कि सोशल मीडिया पर कई वीडियो साझा किए जा रहे हैं, जिनमें पत्थरबाजी और पुलिस कार्रवाई का दावा किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, ऐसे दावे झूठे और लोगों को गुमराह करने वाले हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। साथ ही नागरिकों से अनुरोध किया गया कि वे अपुष्ट वीडियो और संदेशों को साझा करने से बचें तथा सही जानकारी के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों का ही उपयोग करें।
जंतर-मंतर पर जारी है प्रदर्शन
दिल्ली पुलिस का यह स्पष्टीकरण ऐसे समय आया है जब जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। इससे पहले सोमवार को ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच झड़प हुई थी।
प्रदर्शनकारी कथित परीक्षा अनियमितताओं और नीट-यूजी पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। संसद की ओर मार्च को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने पहले से निषेधाज्ञा लागू की थी और कई स्थानों पर बैरिकेड्स लगाए गए थे।
भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी विरोध
प्रदर्शन स्थल पर लगाए गए मंच और टेंट हटाए जाने के बाद आंदोलन जारी रखने के आह्वान पर प्रदर्शनकारी मंगलवार को फिर जंतर-मंतर पहुंच गए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) के जवानों की भारी तैनाती की गई है।
प्रदर्शन बुधवार सुबह तक भी जारी रहने की जानकारी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।



