मुज़फ्फ़रनगर। नशे के कारोबार पर लगातार शिकंजा कस रही मुज़फ्फ़रनगर पुलिस ने ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत अब तक की बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 क्विंटल 17.456 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थों का विनष्टीकरण कराया है। पुलिस के अनुसार नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 6 करोड़ 6 लाख 44 हजार 110 रुपये से अधिक है।
इसी अभियान के तहत शुक्रवार को थाना खतौली में दर्ज 12 मुकदमों से संबंधित 41.354 किलोग्राम मादक पदार्थों को मेरठ स्थित सिनर्जी वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट, सुभारती मेडिकल कॉलेज में पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप इंसिनरेटर के माध्यम से नष्ट कराया गया।
इस कार्रवाई की निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, जिला ड्रग डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष एवं पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन तथा कमेटी के सदस्य एवं क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू साव की मौजूदगी में की गई।
पुलिस के अनुसार इस खेप में 22.324 किलोग्राम गांजा, 18 किलोग्राम डोडा/पोस्त और 1.03 किलोग्राम चरस शामिल थी। सभी मादक पदार्थ विभिन्न मामलों में पुलिस द्वारा जब्त किए गए थे।
मुज़फ्फ़रनगर पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी 21 अप्रैल को 997.669 किलोग्राम, 27 मई को 865.380 किलोग्राम तथा 30 जून को जीआरपी द्वारा जब्त 13.053 किलोग्राम मादक पदार्थों का विनष्टीकरण कराया जा चुका है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश स्तर पर चल रहे ऑपरेशन दहन के तहत भविष्य में भी जब्त किए गए सभी मादक पदार्थों का नियमानुसार विनष्टीकरण किया जाएगा। साथ ही नशे के अवैध कारोबार में शामिल अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
Home
»
उत्तर प्रदेश
»
मुजफ्फरनगर पोस्ट
»
19 क्विंटल नशे पर चला ‘ऑपरेशन दहन’, मुज़फ्फ़रनगर पुलिस ने 6 करोड़ से ज्यादा के मादक पदार्थ जलाए
19 क्विंटल नशे पर चला ‘ऑपरेशन दहन’, मुज़फ्फ़रनगर पुलिस ने 6 करोड़ से ज्यादा के मादक पदार्थ जलाए
Facebook
Twitter
WhatsApp



